खबरें

Tuesday, June 16, 2026

मंहकुचा–रामनगर मार्ग पर जल्द शुरू होगा सीसी रोड निर्माण कार्य

 मंहकुचा–रामनगर मार्ग पर जल्द शुरू होगा सीसी रोड निर्माण कार्य



विभाग द्वारा पहुंचाई जा रही निर्माण सामग्री, ग्रामीणों में खुशी की लहर

दैनिक नव परिधि:

जौनपुर:

मंहकुचा ग्राम सभा से रामनगर के मध्य आबादी क्षेत्र में प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण को लेकर ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित इस सड़क निर्माण कार्य के लिए अब लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण सामग्री (मटेरियल) स्थल पर पहुंचाई जा रही है, जिससे कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद बढ़ गई है।

गौरतलब है कि क्षेत्रीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार वर्मा द्वारा इस मार्ग के निर्माण हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया गया और अब निर्माण कार्य की दिशा में ठोस पहल दिखाई देने लगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण सामग्री के पहुंचने से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि विभाग शीघ्र ही निर्माण कार्य आरंभ करने जा रहा है। वर्षों से जर्जर मार्ग और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से जूझ रहे ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सीसी रोड बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों, किसानों तथा दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ प्राप्त होगा।

क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपेक्षा जताई है कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, जिससे जनसामान्य को स्थायी राहत मिल सके।

इस पूरे मामले में सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार वर्मा का संघर्षपूर्ण भागीरथ प्रयास रहा है क्षेत्रवासी कृतघ्य भाव से राकेश कुमार वर्मा जी को हृदयगत धन्यवाद दें रहे हैं।

– संवाददाता, दैनिक नव परिधि

अमित श्रीवास्तव (प्रधान संपादक)


No comments:

Post a Comment