काशी काव्य गंगा साहित्यिक मंच की काव्य गोष्ठी हर्षोल्लास के साथ संपन्न
कवियों और शायरों ने प्रस्तुत कीं उत्कृष्ट रचनाएँ, साहित्यिक वातावरण से गूंजा चन्दुआ-छित्तुपुरा
वाराणसी:
काशी काव्य गंगा साहित्यिक मंच, पंजीकृत वाराणसी की स्थगित गोष्ठी का पुनः आयोजन शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को श्रीवास्तव म्युचुअल फंड, नियर हरिनगर, चन्दुआ-छित्तुपुरा स्थित कार्यालय में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों, कवियों और शायरों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
गोष्ठी की अध्यक्षता परम आदरणीय पंडित आलोक द्विवेदी जौनपुरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कृष्ण प्रकाश श्रीवास्तव ‘प्रसन्नानन्द’ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सत्यनारायण विश्वकर्मा ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के महासचिव गोपाल केशरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के अध्यक्ष भुलक्कड़ बनारसी ने अपने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों एवं उपस्थित साहित्यकारों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात गोपाल केशरी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर गोष्ठी का विधिवत शुभारंभ किया गया।
गोष्ठी में उपस्थित कवियों एवं शायरों में हास्य-व्यंग्य कवि भुलक्कड़ बनारसी, सुबोध सिन्हा उर्फ बच्चा बिहारी, गोपाल केशरी, वाहिद इकबाल, विजय चन्द्र त्रिपाठी, जमाल बनारसी, आशिक बनारसी, फुर्तीला बनारसी, अमरनाथ पेंटर, आलोक द्विवेदी, डॉ. कृष्ण प्रकाश श्रीवास्तव तथा उमेश सिंह सहित अनेक साहित्यकार शामिल रहे।
सभी रचनाकारों ने एक से बढ़कर एक कविता, ग़ज़ल और व्यंग्य रचनाओं का प्रभावशाली काव्य पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण साहित्यिक रस से सराबोर हो गया। श्रोताओं ने भी रचनाओं की भरपूर सराहना की।
अंत में संस्था के अध्यक्ष भुलक्कड़ बनारसी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। अल्पाहार के उपरांत गोष्ठी को विश्राम दिया गया। कार्यक्रम ने वाराणसी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
दैनिक नव परिधि मीडिया सर्विसेज एण्ड पब्लिकेशंस (पंजीकृत)













